देशभर में घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमतों बढ़ोतरी की गई है. अब गैस सिलेंडर 29 रुपए तक महंगा हो गया है. यह नई दरें रविवार (7 जून) की रात 12 बजे से लागू हो गई हैं. दिल्ली में अब 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है.
गैस की बढ़ी कीमतों पर गरमाई सियासत
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी के बाद राजनीति गरमा गई है. इस बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गैस की कीमतों को लेकर शायराना अंदाज में सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि' रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ, बीजेपी से अब तो हर आस गई टूट'.
29 रुपये महंगा हुआ रसोई गैस सिलेंडर
देश में रसोई गैस (एलपीजी) की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है. वैश्विक ऊर्जा बाजार में वृद्धि के चलते सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है
तीन महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
जिसके चलते तीन महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी की गई है. उद्योग सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत सात जून से 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो जाएगी.
पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने और अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में वृद्धि होने के बाद सात मार्च को की गई 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी के बाद यह दूसरी बार वृद्धि की गई है. सूत्रों के अनुसार, नवीनतम संशोधन से पहले सरकारी तेल विपणन कंपनियों को बेचे गए प्रत्येक एलपीजी सिलेंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था.
कांग्रेस ने भी साधा सरकार पर निशाना
इससे पहले, कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से पोस्ट किया, 'महंगाई मैन मोदी' का चाबुक फिर चला है. अब घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपए महंगा कर दिया गया. पीएम मोदी का फंडा साफ है- जनता से वसूली करो, अमीर दोस्त की तिजोरी भरो.
बता दें कि सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 29 रुपए की वृद्धि की है. इसके साथ ही, दिल्ली में सिलेंडर की कीमत 913 रुपए से बढ़कर 942 रुपए हो गई है.