फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में गैस रिसाव के चलते बड़ा हादसा हो गया। एक दो कमरों के मकान में गैस लीक होने के बाद अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे घर में मौजूद लोग आग की चपेट में आ गए।हादसे में घर के अंदर मौजूद 6 लोग और उन्हें बचाने पहुंचे 3 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। कुल मिलाकर 9 लोग इस घटना में घायल हुए हैं।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल मलवां मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर 8 घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को तेजी से कानपुर पहुंचाया।
शुरुआती जांच में गैस लीक वजह
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण विस्फोट होने की बात सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिलेंडर फटा नहीं था, बल्कि गैस लीक के कारण धमाका हुआ।