अयोध्या - अयोध्या के रामजन्मभूमि परिसर में स्थित मां दुर्गा मंदिर पर 29 मई को धर्म ध्वजा का भव्य आरोहण किया जाएगा। यह आयोजन रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे में बने पूरक मंदिरों की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है। ध्वजारोहण समारोह साध्वी ऋतंभरा के हाथों संपन्न होगा।
मातृशक्ति को समर्पित रहेगा आयोजन
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस कार्यक्रम को विशेष रूप से मातृशक्ति को समर्पित किया है। इसी कारण समारोह में 3500 से अधिक महिलाओं को आमंत्रित किया गया है। इनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी, भाजपा और अन्य महिला संगठनों की प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगी। ट्रस्ट के अनुसार आयोजन शाम 6 बजे से शुरू होगा, जबकि अतिथियों को शाम 5 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर चार हजार से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है। ध्वजारोहण के बाद सभी आमंत्रित महिलाओं को रामलला और राम परिवार के दर्शन भी कराए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
आयोजन को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आमंत्रित महिलाओं को विशेष प्रवेश पास जारी किए जाएंगे। बिना पास किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही किसी भी अतिथि को अस्त्र-शस्त्र या अंगरक्षक ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आमंत्रित महिलाओं में सुरक्षा एजेंसियों जैसे पुलिस, पीएसी, सीआरपीएफ, एसएसएफ और एलआईयू की महिला अधिकारी व कर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा राम मंदिर निर्माण से जुड़ी एजेंसियों एलएंडटी, टीसीई और यूपीआरएनएन की महिला कर्मचारी भी समारोह का हिस्सा बनेंगी।
परकोटे का अंतिम पूरक मंदिर
रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे में मां अन्नपूर्णा, सूर्य, हनुमान, गणेश और शिव मंदिरों पर पहले ही ध्वजारोहण हो चुका है। अब दुर्गा मंदिर इस श्रृंखला का अंतिम पूरक मंदिर होगा, जहां यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा। इसके बाद 23 जून को शेषावतार मंदिर पर भी ध्वजारोहण प्रस्तावित है।