सीएम योगी और हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को ‘गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम’ के प्रथम चरण का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। यह अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।
30 हजार दर्शकों की होगी क्षमता
स्टेडियम में लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही यहां:
- 7 प्लेइंग पिच
- 4 प्रैक्टिस पिच भी बनाई जाएंगी।
यह स्टेडियम गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के पास तालनौर क्षेत्र में तैयार होगा और इसका निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
CSR फंड से मिलेगा 100 करोड़ रुपये
स्टेडियम निर्माण के लिए पेट्रोलियम कंपनियां अपने CSR फंड के जरिए 100 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देंगी।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह परियोजना पूर्वांचल के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
खिलाड़ियों को मिल रही सरकारी नौकरी
सीएम योगी ने बताया कि अब तक 534 खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के जरिए सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जबकि 500 नई भर्तियां भी निकाली गई हैं। उन्होंने कहा कि ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स और अन्य राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।