लखनऊ - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनगणना और पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जनगणना का प्रथम चरण पूरा किया जा रहा है और पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन माध्यम से संपन्न किया गया है।
बंगाल में जनता ने बीजेपी को दिया मौका
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करें, ताकि जनगणना की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। उनके मुताबिक, सही आंकड़े और लोगों की भागीदारी किसी भी सरकारी योजना के सफल संचालन के लिए बेहद जरूरी होती है। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का भी जिक्र किया। ब्रजेश पाठक ने कहा कि वहां की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने का मौका दिया है।
ब्रजेश पाठक ने टीएमसी पर साधा निशाना
ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार के दौरान राज्य में गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, परिवारवाद और अराजकता बढ़ी, जिससे विकास प्रभावित हुआ। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को भी नुकसान पहुंचा और जनता बदलाव चाहती थी। भाजपा नेता के अनुसार, राज्य में अब विकास और सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता मिलेगी।
बंगाल जीत राजनीतिक परिवर्तन!
आपको बता दें कि, चुनावी माहौल के बीच इस तरह के बयान राजनीतिक बहस को और तेज कर रहे हैं। भाजपा लगातार बंगाल में अपनी जीत को बड़े राजनीतिक परिवर्तन के रूप में पेश कर रही है, जबकि विपक्ष इन दावों पर सवाल उठा रहा है। जनगणना और बंगाल चुनाव को लेकर दिए गए इस बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है