कानपुर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 6 बजे महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाते रहे। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
गैस कटर से काटकर निकाले गए घायल
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
100 किमी प्रति घंटे से अधिक थी कार की रफ्तार
पुलिस के प्रारंभिक जांच के अनुसार, स्कॉर्पियो में करीब आठ लोग सवार थे और वाहन की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई जा रही है। सभी लोग फतेहपुर की ओर जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।