लखनऊ - उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। इसी बीच यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। प्रयागराज में एक कार्यक्रम के दौरान मौर्य ने अखिलेश यादव और उनके परिवार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राम भक्तों के खून से अखिलेश यादव के परिवार के हाथ रंगे हुए हैं।
अखिलेश यादव पर लगाया बड़ा आरोप
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जैसी किसी व्यक्ति की सोच और मंशा होती है, वैसे ही उसके विचार सामने आते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव के परिवार को "रामद्रोहियों का परिवार" बताते हुए आरोप लगाया कि अतीत में राम भक्तों के साथ जो घटनाएं हुईं, उसके लिए सपा नेतृत्व जिम्मेदार रहा है। मौर्य ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव को अभी तक अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन करने की फुर्सत नहीं मिली है।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भी बोले
राम मंदिर चढ़ावे में कथित चोरी के मामले पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है। एफआईआर दर्ज हो चुकी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी है। उन्होंने अखिलेश यादव के बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि जांच प्रक्रिया चलने के बावजूद इस मुद्दे पर बयानबाजी करना गलत है। मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को इस तरह की राजनीति से बचना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अगर इस तरह के बयान जारी रहे तो राम भक्त और राष्ट्र भक्त इसका जवाब देंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।
तीसरे मोर्चे की अटकलों पर बीजेपी का दावा
चंद्रशेखर आजाद और स्वामी प्रसाद मौर्य की मुलाकात के बाद तीसरे मोर्चे की चर्चाओं पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी नए राजनीतिक गठबंधन से बीजेपी को फर्क नहीं पड़ेगा। मौर्य ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार सरकार बनाएगी और पार्टी का भविष्य मजबूत है।उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश और भारत विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ेंगे, तब बीजेपी ही जनता का भरोसा बनी रहेगी।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग पर भी मौर्य ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक भगवान राम और राम मंदिर के मुद्दे को लेकर अलग रुख अपनाया। मौर्य ने कहा कि बीजेपी के शासनकाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर, मथुरा और काशी जैसे मुद्दों पर बीजेपी की नीतियां साफ हैं और अंत में जीत राम भक्तों और सत्य की होगी।