लखनऊ - उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं, लेकिन राजनीतिक माहौल अभी से गर्माने लगा है। एक ओर विपक्षी दल योगी सरकार पर लगातार हमलावर हैं, तो दूसरी ओर सत्तारूढ़ भाजपा भी विपक्ष को निशाने पर लेने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आगामी चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जनता का विश्वास खो चुके हैं और आने वाले समय में उनका राजनीतिक प्रभाव लगातार कमजोर होता जाएगा। मौर्य ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वर्ष 2029 तक देश में कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।
INDIA गठबंधन पर साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि INDIA गठबंधन वर्ष 2024 में ही बिखर चुका है और विपक्ष जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन में शामिल दलों के बीच न तो एकजुटता है और न ही कोई स्पष्ट दिशा।
राहुल गांधी के नेतृत्व पर उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने इस बयान में कांग्रेस पार्टी के सांसद पर निशाना दागते हुए कहा कि, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल रही है। बीजेपी नेता मौर्य के अनुसार, जनता विपक्ष से मजबूत विकल्प की उम्मीद कर रही थी, लेकिन कांग्रेस उस भरोसे पर खरी नहीं उतर सकी।
2029 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
बीजेपी नेता मौर्य ने दावा करते हुए कहा कि, जब 2029 का लोकसभा चुनाव होगा, तब देश में कांग्रेस नहीं रहेगी और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी भी नहीं रहेगी।उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि जनता इन दलों को नकार चुकी है और भविष्य में कोई नया राजनीतिक विकल्प उभर सकता है।
जनता पर जताया भरोसा
मौर्य ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में है। उनका मानना है कि आने वाले वर्षों में मतदाता अपने अनुभवों के आधार पर राजनीतिक विकल्पों का चयन करेंगे और वही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।