लखनऊ - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रदेश दौरे का स्वागत करते हुए इसे पार्टी और उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को और मजबूत करेगी। साथ ही, अयोध्या के श्रीराम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से संगठन को मिलेगी मजबूती
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तर प्रदेश में विधिवत पहला दौरा पूरे भाजपा परिवार के लिए खुशी का अवसर है। उन्होंने बताया कि इस दौरान संगठनात्मक बैठकों के साथ सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठकें निर्धारित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन और निर्देशों के अनुरूप काम करेगी और उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर पूरी ताकत से आगे बढ़ेगी।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में जांच जारी
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी के मामले पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है और सरकार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकार का रुख स्पष्ट है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ रही है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उन्हें श्रीराम जन्मभूमि मामले पर टिप्पणी करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस राजनीतिक सोच और इतिहास के साथ समाजवादी पार्टी जुड़ी रही है, उसे देखते हुए ऐसे मुद्दों पर बयान देना उचित नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव जिस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और यह भी जानती है कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान किस दल का क्या रुख था।
भाजपा ने दोहराया विकास और संगठन का संकल्प
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तर पर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से संगठन को नई दिशा मिलेगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल और मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने दोहराया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में विकास, सुशासन और जनसेवा के एजेंडे के साथ आगे बढ़ती रहेगी।