प्रयागराज - यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता मोहम्मद आजम खान को हेट स्पीच मामले में 2 वर्ष की सजा सुनाए जाने पर कहा कि, यह न्यायालय का फैसला है और 'जो जस करै सो तस फल चाखा। बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, यदि कोई अपराध करेगा तो न्यायालय उसकी सुनवाई करेगा और गुण-दोष के आधार पर फैसला भी सुनाएगा।
हर देशवासी विदेशी मुद्रा बचाने को लेकर सजग है
प्रयागराज पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत संबंधी अपील पर कहा कि, उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री की बातों पर अमल कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि, मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों तक ने अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम की है और कार्यकर्ता भी तेल बचाने की मुहिम में जुटे हुए हैं। आगे बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि, हर देशवासी विदेशी मुद्रा बचाने को लेकर सजग है।
2027 में सपा का सफाया होगा
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भारतीय जनता पार्टी को सबसे बड़ा संकट बताए जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जोरदार पलटवार करते हुए कहा कि, अखिलेश यादव एसी कमरे में बैठकर ट्वीट करते हैं और मीडिया उसे चला देता है। इस दौरान बीजेपी नेता मौर्य ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी तरह साफ हो जाएगी।
पार्टी में पूजा पाल का पूरा सम्मान है
वहीं पूजा पाल को योगी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव द्वारा उन्हें डिप्टी सीएम बनाए जाने की सलाह संबंधी सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, पूजा पाल वरिष्ठ नेता हैं, तीन बार विधायक रह चुकी हैं और पार्टी में उनका पूरा सम्मान है। उनका भविष्य उज्ज्वल है।
पेपर लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण है
वहीं हाल ही में नीट परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक और छात्रों की आत्महत्या के मामलों पर राहुल गांधी के बयान के संबंध में बीजेपी नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि,परीक्षाओं में पेपर लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे छात्रों को कष्ट होता है। यूपी के डिप्टी सीएम ने आगे अपने बयान में कहा कि, सरकार भविष्य में बड़े कदम उठाने जा रही है, जिसके तहत प्रश्नपत्रों को एक स्थान से दूसरे स्थान भेजने की प्रक्रिया समाप्त की जाएगी और ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली की ओर बढ़ा जाएगा, जिससे पेपर लीक की घटनाएं समाप्त होंगी।