उत्तरप्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और आंधी-बारिश का दौर जारी है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, प्रतापगढ़, अमेठी, गाजीपुर और भदोही में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। वहीं बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या, कानपुर और रायबरेली समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को हल्की ठंड महसूस हो रही है।
लखनऊ समेत 5 जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने राज्य के 42 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 3 घंटे के भीतर कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक हो सकती है। बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।आज ‘बड़ा मंगल’ के अवसर पर प्रदेश भर में कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन होना है। इसके साथ ही राज्य में लगभग 10 से 15 हजार शादियां भी तय हैं। ऐसे में खराब मौसम इन आयोजनों में बाधा डाल सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान अयोध्या, सीतापुर और बाराबंकी में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि वाराणसी और कानपुर समेत 22 जिलों में आंधी और बारिश हुई। सबसे अधिक 130 मिमी वर्षा संभल में रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में 8 मौतें
आंधी-बारिश के कारण कई हादसे भी सामने आए हैं। पीलीभीत में एक ईंट-भट्ठे की करीब 100 फीट ऊंची चिमनी गिर गई। गाजीपुर में कच्चे मकान की दीवार ढहने से 58 वर्षीय किसान की मलबे में दबकर मौत हो गई। इससे पहले कासगंज में दो बच्चों, औरैया में दादी-पोती, गोरखपुर में दो युवकों और संभल में एक बच्ची की जान जा चुकी है।