लखनऊ - राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की वर्ष 2024 की रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर कई अहम आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार देश की सबसे अधिक आबादी वाला राज्य होने के बावजूद उत्तर प्रदेश का अपराध दर राष्ट्रीय औसत से काफी कम दर्ज किया गया है।
35,44,608 आपराधिक मामले दर्ज किए गए
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में देशभर में कुल 35,44,608 आपराधिक मामले दर्ज किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय अपराध दर 252.3 रही, जबकि उत्तर प्रदेश का क्राइम रेट 180.2 दर्ज किया गया। इसी के चलते अपराध दर के मामले में प्रदेश देश में 18वें स्थान पर रहा।
रिपोर्ट में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी रिपोर्ट में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश 17वें स्थान पर दर्ज किया गया है। सरकार और प्रशासन इसे कानून-व्यवस्था में सुधार और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का परिणाम बता रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बीते कुछ वर्षों में राज्य में पुलिस व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत किया गया है। महिला हेल्पलाइन, एंटी रोमियो स्क्वॉड, फास्ट ट्रैक कोर्ट और महिला सुरक्षा अभियानों जैसे कदमों का असर अपराध नियंत्रण में देखने को मिला है।
राज्य सरकार का फोकस कानून-व्यवस्था पर
प्रदेश सरकार लगातार दावा कर रही है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उसकी प्राथमिकता है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।एनसीआरबी की रिपोर्ट ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है, जिसे सरकार अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है।