लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख Mayawati मायावती ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से हुए नुकसान को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित लोगों की मदद करने और महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
आंधी-तूफान पीड़ितों की मदद की मांग
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आए तेज आंधी-तूफान से लोगों को भारी नुकसान हुआ है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को प्रभावित परिवारों की मदद के लिए पूरी उदारता दिखानी चाहिए, ताकि लोग अपने टूटे-बिखरे जीवन को दोबारा संभाल सकें।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर जताई चिंता
बसपा सुप्रीमो मायावती ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को आम जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया। उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर गरीबों, मेहनतकश परिवारों, किसानों और मध्यम वर्ग के जीवन पर पड़ेगा। खेती-किसानी से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर चीज महंगी हो जाएगी।
सरकार से उठाए सार्थक कदम
मायावती ने कहा कि सरकार को लगातार बढ़ती महंगाई को कम करने के लिए जरूरी और सार्थक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में आम लोगों को राहत देना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का असर
बता दें कि ईरान-अमेरिका तनाव के बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसका असर परिवहन, खेती, घरेलू सामान और आम जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ सकता है, जिससे महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यूपी में मौसम से भारी नुकसान
उत्तर प्रदेश में हाल ही में आए आंधी-तूफान और खराब मौसम के कारण कई जिलों में भारी तबाही हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 90 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, कई लोग घायल हुए हैं और 100 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर राहत कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों की मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।