उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में विकसित की गई नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण आज 30 मई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। सीजी सिटी में तैयार यह विशेष वाटिका भारतीय नौसेना की वीरता, शौर्य और तकनीकी क्षमता को समर्पित है।
उत्तरप्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि नौसेना शौर्य वाटिका भारतीय नौसेना के वीर सैनिकों को समर्पित एक श्रद्धांजलि स्थल है। यह स्थान न केवल देश के सैन्य इतिहास को प्रदर्शित करेगा, बल्कि युवाओं और आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सैन्य गौरव की भावना को भी मजबूत करेगा।उन्होंने कहा कि यहां आने वाले पर्यटक भारतीय नौसेना के योगदान और पराक्रम को करीब से जान सकेंगे तथा देश की रक्षा में नौसेना की भूमिका को समझ पाएंगे।
राजधानी के पर्यटन मानचित्र पर जुड़ेगा नया आकर्षण
पर्यटन मंत्री के अनुसार नौसेना शौर्य वाटिका लखनऊ के पर्यटन मानचित्र पर एक नए और अनूठे गंतव्य के रूप में स्थापित होगी। भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त युद्धपोत INS Gomati यहां का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से विकसित इस परियोजना को अत्याधुनिक ओपन एयर म्यूजियम और इंटरप्रिटेशन सेंटर के रूप में तैयार किया गया है, जहां आगंतुक नौसेना के इतिहास और तकनीकी उपलब्धियों से परिचित हो सकेंगे।
दर्शकों को देखने मिलेंगे नौसेना के अहम उपकरण
नौसेना शौर्य वाटिका में भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती को विशेष रूप से स्थापित किया गया है, जो 28 मई 2022 को सेवा से सेवानिवृत्त हुआ था। इसके अलावा यहां एंकर, AK-726 मीडियम रेंज गन, CET-53M पनडुब्बी अवरोधक उपकरण, ZIF-101 लॉन्चर, कैपस्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और जहाज का प्रोपेलर भी प्रदर्शित किए गए हैं।इन उपकरणों के माध्यम से आगंतुक नौसेना की तकनीकी क्षमता और समुद्री अभियानों की झलक देख सकेंगे।
समुद्री सुरक्षा और नौसेना के इतिहास से होंगे रूबरू
पर्यटन विभाग का मानना है कि आने वाले समय में नौसेना शौर्य वाटिका देश के प्रमुख सैन्य पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बनाएगी। यहां आने वाले पर्यटक भारतीय नौसेना के इतिहास, युद्ध अभियानों, समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक तकनीक के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।साथ ही यह केंद्र बच्चों और युवाओं में रक्षा सेवाओं के प्रति रुचि बढ़ाने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।