भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे का रविवार को दूसरा दिन है। आज वे प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे। इसके बाद एनडीए सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। अपने कार्यक्रम के दौरान वे दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन और सरकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
दोपहर में नितिन नवीन राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचेंगे, जहां वे भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम करीब 5 बजे वे लखनऊ के पीर नगर स्थित भाजपा बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाएंगे और बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दिया जीत का मंत्र
शनिवार को अपने दौरे के पहले दिन नितिन नवीन ने योगी सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं को संगठन मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने का संदेश दिया। बैठक से पहले उन्होंने लखनऊ स्थित प्राचीन हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया।
हर गांव और हर मतदाता तक पहुंचने का आह्वान
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह नकारात्मक राजनीति के जरिए लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के बहकावे में न आने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर गांव, हर घर और हर मतदाता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि लोगों के दिलों में जगह बनाने के लिए उनके बीच लगातार संवाद और प्रवास जरूरी है।