लखनऊ - अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और हेराफेरी के मामले ने देशभर में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस पर नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने इस पूरे मामले पर बयान देते हुए कहा कि सरकार पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
'देशभर में लोगों में गुस्सा, SIT कर रही निष्पक्ष जांच'
लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि राम मंदिर जैसे करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र से जुड़ी इस घटना को लेकर पूरे देश में लोगों के बीच नाराजगी है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। राजभर ने कहा कि अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। उनका कहना था कि जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होगी।
कानूनी प्रक्रिया पर जताया भरोसा
राजभर ने कहा कि यह मामला पूरी तरह जांच के दायरे में है और सरकार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से अपना काम कर रही हैं और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि जांच पूरी होने तक धैर्य रखें और अफवाहों से बचें।
नितिन नवीन के यूपी दौरे पर भी बोले राजभर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यह बिल्कुल स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपने संगठन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मिलना उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा है। ऐसे दौरे संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए जरूरी होते हैं।
उद्धव ठाकरे के 'राम रक्षा आंदोलन' पर प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा 5 जुलाई को प्रस्तावित 'राम रक्षा आंदोलन' पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि वे महाराष्ट्र में जो करना चाहें करें, लेकिनउत्तर प्रदेश में कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पहले से जांच चल रही है, SIT गठित है और दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
सरकार का संदेश- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
राजभर के बयान से साफ संकेत मिला कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। सरकार का कहना है कि राम मंदिर से जुड़े इस संवेदनशील मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ अपने निष्कर्ष तक पहुंचाई जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।