लखनऊ - उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव के हालिया 'सनातन' संबंधी बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी राजनीति वर्षों तक "एकतरफा तुष्टीकरण" पर आधारित रही, वे अब अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं।
'पहले इस्लाम की बात, अब सनातन की बात'
राजभर ने कहा, "जो लोग पहले सिर्फ इस्लाम की बात करते थे, आज राजनीतिक हालात बदलते देख सनातन की बात कर रहे हैं। जनता सब कुछ देख और समझ रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि यह बदलाव आस्था के कारण नहीं, बल्कि राजनीतिक मजबूरी के चलते दिखाई दे रहा है।
संपत्ति को लेकर भी उठाए सवाल
सुभासपा अध्यक्ष ने इस दौरान अखिलेश यादव की संपत्ति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीति में आमतौर पर खर्च होता है, लेकिन इसके बावजूद अखिलेश यादव की संपत्ति लगातार बढ़ती गई। राजभर ने पूछा कि आखिर उनकी संपत्ति "दिन-दूनी, रात-चौगुनी" कैसे बढ़ रही है।
यूपी की राजनीति में बढ़ी बयानबाजी
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। भाजपा और उसके सहयोगी दल समाजवादी पार्टी को विभिन्न मुद्दों पर घेर रहे हैं, जबकि विपक्ष भी सरकार पर लगातार हमलावर है। ऐसे में नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।