त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बहुप्रतीक्षित अंतिम मतदाता सूची बुधवार को जारी की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। दावे-आपत्तियों के निस्तारण और अंतिम सत्यापन के बाद सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।
आयोग ने 18 दिसंबर 2025 को अनंतिम मतदाता सूची जारी की थी, जिसमें करीब 1.81 करोड़ नए मतदाताओं को जोड़ा गया था, जबकि 1.41 करोड़ नाम हटाए गए थे। इसके बाद सूची में लगभग 40.19 लाख मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई थी।
लाखों आपत्तियों के बाद तैयार हुई अंतिम सूची
अनंतिम सूची पर दावे और आपत्तियां मांगी गई थीं, जिनका विस्तृत परीक्षण कर निस्तारण किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान लाखों आपत्तियों का समाधान किया गया। इसी कारण अंतिम सूची जारी करने की तिथि कई बार बढ़ाई गई, हालांकि अब आयोग ने स्पष्ट किया है कि सूची के प्रकाशन में किसी प्रकार की देरी नहीं होगी।
लागू हुआ नौ अंकों का नया वोटर नंबर
इस बार मतदाताओं को नौ अंकों का नया स्टेट वोटर नंबर भी दिया गया है, जिससे मतदाता पहचान और चुनावी प्रबंधन अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगा। अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव की अधिसूचना और आगे की चुनावी प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।