लखनऊ - यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें राहुल गांधी ने एक वर्ष के भीतर मोदी सरकार गिरने की बात कही थी। भाजपा नेता ने इसे लोकतंत्र और जनता के जनादेश का अपमान बताया है।
कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक संस्कृति
पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता द्वारा दिए गए जनादेश पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए लगातार भ्रम और अविश्वास का माहौल बनाने की कोशिश करती रही है। उन्होंने कहा कि,राहुल गांधी का बयान उसी मानसिकता को दर्शाता है, जिसमें भय, भ्रम और अराजकता फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जाता है।
जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी सरकार
यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र की सरकार जनता द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन देश को विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार देश को “विश्वगुरु” बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है और जनता का विश्वास भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है।
बयान से झलकती है हताशा
पंकज चौधरी ने राहुल गांधी के बयान को विपक्ष की हताशा का प्रतीक बताते हुए कहा कि जनता विकास और स्थिरता की राजनीति चाहती है, जबकि विपक्ष केवल नकारात्मक बयानबाजी कर रहा है। बीजेपी नेता ने कहा कि देश की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करती है और ऐसे बयानों को गंभीरता से नहीं लेती।