लखनऊ - उत्तर प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती और ऊर्जा संकट को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जहां विपक्ष राज्य सरकार पर तीखा हमला बोल रहा तो वही इसी बीच सीएम योगी ने विपक्षी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं, जिनके शासनकाल में प्रदेश की हालत बेहद खराब थी। सीएम योगी ने इस दौरान सपा पर तंज कसते हुए कहा कि, उस समय हालात ऐसे थे कि लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे और सप्ताह के हिसाब से बिजली मिलती थी।
सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले रही है
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, वर्तमान समय में कुछ पावर स्टेशनों पर तकनीकी कारणों से शटडाउन की स्थिति बनी हुई है। जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि, सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले रही है और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली उत्पादन और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
सरकार जल्द ही स्थिति को सामान्य कर देगी
सीएम ने कहा कि, जब किसी पावर स्टेशन में शटडाउन होता है तो उसका असर सप्लाई पर पड़ना स्वाभाविक है। ऐसे में प्रदेश की जनता को थोड़े समय के लिए सहयोग करना चाहिए और पावर कॉरपोरेशन को भी आवश्यक समय दिया जाना चाहिए, ताकि तकनीकी खामियों को दूर किया जा सके। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने भरोसा दिलाया कि सरकार जल्द ही स्थिति को सामान्य कर देगी।
सरकार का लक्ष्य बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात करते हुए आगे कहा कि वह खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में बड़े स्तर पर सुधार हुए हैं और प्रदेश में बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।