वाराणसी में अपने दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 14 किलोमीटर लंबे भव्य रोड शो के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि व आरोग्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने त्रिशूल और डमरू दिखाकर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से शुरू हुआ प्रधानमंत्री का काफिला मंडुवाडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन और चौक होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा। पूरे रास्ते में भारी भीड़ उमड़ी रही और लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा
मंदिर पहुंचने पर पीएम मोदी ने गर्भगृह में विधिवत अभिषेक किया। मुख्य अर्चक सहित पांच पंडितों ने षोडशोपचार विधि से पूजा संपन्न कराई। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने देशवासियों की समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश
पीएम मोदी ने एक्स (X) पर ‘हर हर महादेव’ के कैप्शन के साथ तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि उन्हें बाबा विश्वनाथ के दर्शन का सौभाग्य मिला। उन्होंने मां गंगा और मां अन्नपूर्णा के दर्शन को भी अत्यंत शांति देने वाला बताया और काशीवासियों को नमन किया।
रोड शो में दिखा जबरदस्त उत्साह
रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने कई बार त्रिशूल और डमरू दिखाकर जनता का अभिवादन किया। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों, एनसीसी कैडेट्स और महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के साथ उनका स्वागत किया। बनारस रेलवे स्टेशन के पास बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के लिए संदेश लिखे पोस्टर दिखाए और उनके लिए उपहार भी लाए।