समाजवादी पार्टी संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव को इलाज के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। फिलहाल उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, मृत्यु के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार की ओर से भी इस संबंध में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
CM योगी ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं और प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
डिप्टी CM केशव मौर्य ने भी दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह खबर बेहद पीड़ादायक है और ईश्वर परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
समाजवादी पार्टी ने जताया शोक
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है। पार्टी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने भी व्यक्त की संवेदना
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी शोक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं और ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव, Aparna Yadav के पति थे। अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। हालांकि प्रतीक यादव राजनीतिक परिवार से जुड़े थे, लेकिन वे सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे।