अमेठी। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता Rahul Gandhi 20 मई को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचेंगे। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने राहुल गांधी के दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि गौरीगंज जिला मुख्यालय में ग्राम सभा स्तर से लेकर जिला स्तर तक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान बढ़ाने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर रहेगा जोर
राहुल गांधी के इस दौरे को कांग्रेस के संगठन विस्तार अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में गांव-गांव कांग्रेस को मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच मजबूत करने पर चर्चा होगी। पार्टी नेताओं का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जमीनी ढांचे को सक्रिय करने में जुटी हुई है। इसी वजह से राहुल गांधी सीधे कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी राय और सुझाव भी सुन सकते हैं।
दिवंगत कांग्रेस नेता के परिवार से भी मिलेंगे राहुल
दौरे के दौरान राहुल गांधी कांग्रेस के दिवंगत जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के गांव रामदीन पंडित भी जाएंगे। वहां वे उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। योगेंद्र मिश्रा का 1 मार्च 2026 को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उन्हें गांधी परिवार का करीबी नेता माना जाता था।
अमेठी में बढ़ी राजनीतिक हलचल
राहुल गांधी के दौरे की खबर के बाद अमेठी में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अमेठी से कांग्रेस सांसद Kishori Lal Sharma भी लगातार स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। अमेठी लंबे समय तक गांधी परिवार का राजनीतिक गढ़ रही है। हालांकि 2019 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को Smriti Irani से हार का सामना करना पड़ा था। फिलहाल राहुल गांधी रायबरेली से सांसद हैं।