लखनऊ/पटना। दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम और तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ऐसे मुश्किल हालात में फ्लाइट की कमान संभाल रहे भाजपा सांसद और कमर्शियल पायलट कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को लखनऊ डायवर्ट कर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
खराब मौसम के कारण बदला गया रूट
जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 दिल्ली से पटना के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और विमान तेज टर्बुलेंस में फंस गया। कई यात्री घबरा गए और फ्लाइट में तनाव का माहौल बन गया।
पटना और वाराणसी में नहीं मिली क्लियरेंस
कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने पहले पटना एयरपोर्ट पर विमान उतारने की कोशिश की, लेकिन खराब मौसम के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इसके बाद फ्लाइट को वाराणसी की ओर मोड़ा गया, लेकिन वहां भी क्लियरेंस नहीं मिला। आखिरकार यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
सुरक्षित लैंडिंग के बाद गूंजी तालियां
लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा, “अब आप ताली बजा सकते हैं, आप सुरक्षित लैंड कर चुके हैं।” इसके बाद विमान में मौजूद यात्रियों ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।
राजनीति के साथ निभा रहे पायलट की जिम्मेदारी
राजीव प्रताप रूडी बिहार के सारण से भाजपा सांसद हैं और पेशे से कमर्शियल पायलट भी हैं। वे केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।