लखनऊ - अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के दौरे पर आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेस शासन के दौरान महंगाई दर 12 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, जबकि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं के कारण पिछले नौ वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, विकास तभी प्रभावी होता है, जब उसमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी हो। राजनाथ सिंह ने कहा कि जनता के सुझाव और समस्याएं विकास कार्यों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। केंद्र और राज्य सरकार लखनऊ के समग्र विकास के लिए लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का कीमतों पर प्रभाव पड़ता है
महंगाई के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का भी कीमतों पर प्रभाव पड़ता है। इसके साथ ही बीजेपी सांसदने अपने इस संबोधन में ईरान-अमेरिका के बीच तनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि, ऐसे घटनाक्रमों का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। इसके बावजूद सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं लागू की हैं।
लखनऊ देश के प्रमुख विकसित शहरों में शामिल
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज लखनऊ देश के प्रमुख विकसित शहरों में शामिल हो चुका है और यहां आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। वहीं आगे जनता को संबोधित करते हुए बीजेपी सांसद ने प्रबुद्धजनों से संवाद कर उनके सुझाव भी सुने। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व में लखनऊ निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।