लखनऊ - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विपक्षी नेताओं समेत देशभर के राजनीतिक नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर भी सीएम योगी को जन्मदिन की बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है।
स्वतंत्र देव सिंह ने गिनाईं 9 साल की उपलब्धियां
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व और शासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के सेवा, समर्पण और सुशासन के 9 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और इस अवसर पर उन्हें हार्दिक बधाई दी जानी चाहिए।
सुशासन और विकास का किया उल्लेख
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, कानून-व्यवस्था और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। इसके साथ ही उन्होंने आगे अपने बयान में मुख्यमंत्री के कार्यकाल को सेवा और समर्पण का उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रदेश में कई ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिले हैं।
पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर विशेष अभियान
स्वतंत्र देव सिंह ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, जिसके उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर जोर
बीजेपी नेता स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि इस अवधि में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सम्मान और उत्थान के लिए लगातार काम किया है। उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
विकसित भारत 2047 का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर विभिन्न योजनाओं और अभियानों के माध्यम से काम कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि देश आने वाले वर्षों में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।