उत्तरप्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, 10 मई को शाम 3:30 बजे योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इस दौरान छह नए मंत्री शपथ ले सकते हैं।मंत्रिमंडल विस्तार से पहले शनिवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। हालांकि इसे औपचारिक शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।
छह नए चेहरों को मिल सकती है जगह
फिलहाल उत्तरप्रदेश मंत्रिमंडल में 54 मंत्री शामिल हैं, जबकि संवैधानिक प्रावधानों के तहत राज्य में कुल 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में छह पद अभी खाली हैं, जिन्हें अब भरे जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, उनमें—
कृष्णा पासवान
पूजा पाल
मनोज पांडेय
भूपेंद्र चौधरी
अशोक कटारिया
रोमी साहनी
के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं।
संगठन में भी हो सकता है बदलाव
बीते अप्रैल महीने में भी मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हुई थीं, लेकिन उस समय फैसला टल गया था। अब माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ-साथ भाजपा संगठन में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किए जा सकते हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। अब सभी की नजरें 10 मई को होने वाले संभावित शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।