उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक जून को लोकभवन में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विभिन्न बोर्डों के मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में टॉप-10 मेधावियों को एक-एक लाख रुपये, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए जाएंगे।
223 मेधावियों को मिलेगा सम्मान
माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यूपी बोर्ड, संस्कृत शिक्षा परिषद, CISCE और CBSE बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 223 मेधावी छात्रों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्तर पर भी होगा सम्मान समारोह
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रत्येक जिले के टॉप-10 छात्रों को 21-21 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र और मेडल दिए जाएंगे। इस स्तर पर कुल 1459 छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
अभिभावकों को भी मिलेगा कार्यक्रम में शामिल होने का मौका
राज्य स्तरीय समारोह में मेधावी छात्रों के साथ उनके एक-एक अभिभावक को भी शामिल होने की अनुमति दी गई है। कार्यक्रम का आयोजन लोकभवन में किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को निर्देश दिए हैं कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला मुख्यालयों पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्री या जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
खातों में ट्रांसफर होगी पुरस्कार राशि
विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि मेधावी छात्रों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि कोषागार के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।