प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उत्तरप्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित कुकरैल वन क्षेत्र से इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेशभर में एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कुकरैल वन क्षेत्र से होगी शुरुआत
अभियान की शुरुआत कुकरैल वन क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पौधारोपण के साथ होगी। यहां 200 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
प्रदेशभर में चलेगा व्यापक पौधारोपण अभियान
इसके बाद यह अभियान पूरे उत्तरप्रदेश में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। राज्य के 17 नगर निगमों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और सभी ग्राम पंचायतों में पौधारोपण किया जाएगा। वन विभाग के साथ ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान और नगर विकास विभाग भी इसमें शामिल रहेंगे।
तालाबों, अमृत सरोवरों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों और नहरों के किनारे भी पौधे लगाए जाएंगे। इसमें स्कूल, कॉलेज, स्वयं सहायता समूह और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
विभिन्न मंडलों में तय किए गए लक्ष्य
प्रदेश के अलग-अलग मंडलों में पौधारोपण के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। लखनऊ मंडल में सबसे अधिक 62.77 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा बरेली, प्रयागराज, मीरजापुर, गोरखपुर, कानपुर, झांसी और अन्य मंडलों में भी लाखों पौधे लगाने की योजना है।
विभागवार लक्ष्य
ग्राम्य विकास विभाग को 3 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा कृषि विभाग 75 लाख, वन विभाग 50 लाख, उद्यान विभाग 50 लाख, पंचायती राज विभाग 20 लाख और नगर विकास विभाग 5 लाख पौधे लगाएगा। कुल मिलाकर प्रदेश में एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण की बड़ी पहल
यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और जलवायु संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य जनभागीदारी के माध्यम से इसे एक जन आंदोलन के रूप में विकसित करना है।