उत्तरप्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस संबंध में शासन की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा।सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा फायदा मिलेगा।
16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनर्स को लाभ
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ प्रदेश के करीब 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। जारी आदेश के मुताबिक 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक का एरियर कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) खाते में जमा किया जाएगा।वहीं मई 2026 से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान वेतन के साथ किया जाएगा, जो जून महीने में कर्मचारियों को मिलेगा।
इन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
सरकार द्वारा बढ़ाए गए महंगाई भत्ते का लाभ राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारियों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों और यूजीसी वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों को भी मिलेगा।
पिछले साल भी बढ़ाया गया था डीए
इससे पहले प्रदेश सरकार ने दिवाली के मौके पर सातवें वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसके बाद पांचवें और छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के लिए भी संशोधित दरों पर डीए बढ़ाया गया था।
पिछले फैसले में पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों का डीए 8 प्रतिशत और छठवें वेतनमान के कर्मचारियों का डीए 5 प्रतिशत बढ़ाया गया था। इसका भुगतान अक्टूबर के वेतन के साथ किया गया था।