लखनऊ। Uttar Pradesh में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के कई जिले भीषण लू और झुलसाने वाली गर्म हवाओं की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने 19 से 23 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने और लू चलने की चेतावनी जारी की है। सोमवार को प्रदेश के 33 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
बांदा बना प्रदेश का सबसे गर्म जिला
रविवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम दिखाई दी।इसके अलावा झांसी, प्रयागराज और हमीरपुर में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। कई इलाकों में दोपहर के समय हालात बेहद कठिन हो गए।
इन जिलों में सबसे ज्यादा तापमान
प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक तापमान वाले जिले इस प्रकार रहे-
बांदा – 46.4°C
झांसी – 44.6°C
प्रयागराज – 44.5°C
हमीरपुर – 44.2°C
उरई – 43.8°C
33 जिलों में लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 33 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इनमें बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, अमेठी, आगरा, झांसी, महोबा और ललितपुर समेत कई जिले शामिल हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
अगले कुछ दिनों तक राहत के आसार नहीं
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है।उन्होंने कहा कि पश्चिमी और दक्षिणी यूपी के कई जिलों में गर्म हवाएं लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों के मुताबिक लू से बचने के लिए हल्के कपड़े पहनें, ज्यादा देर धूप में न रहें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।