उत्तर प्रदेश में गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों के लिए भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिनभर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। हालात इतने गंभीर हैं कि लोगों के मोबाइल फोन पर भी हीट वेव को लेकर चेतावनी संदेश भेजे जा रहे हैं।
दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को लगातार पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है।
वाराणसी में 47 डिग्री तापमान, स्कूल बंद
पूर्वांचल के जिलों में भीषण गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। वाराणसी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हीट वेव से बच्चों को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने 19 मई से 25 मई तक सभी परिषदीय, माध्यमिक, CBSE और ICSE बोर्ड के स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है।
आगरा में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड
ताजनगरी आगरा भी इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगरा प्रशासन ने नर्सरी से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद करने का फैसला लिया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है तपिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है। आगरा में मंगलवार को तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। रात के समय भी गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल रही है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।