लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलर्ट मोड में आ गए हैं। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बुंदेलखंड के कई इलाकों में हालात और भी गंभीर बने हुए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और अन्य एजेंसियों को समन्वय के साथ पूरी सतर्कता से काम करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त बेड, दवाइयां और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध रखा जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को तत्काल उपचार मिले, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मजदूरों और श्रमिकों की सुरक्षा पर जोर
सीएम योगी ने श्रमिकों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों और कार्यस्थलों पर काम करने वाले मजदूरों को लू, निर्जलीकरण और थकावट से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। पेयजल, छाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जनता से सतर्क रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय बेवजह घर से बाहर निकलने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। साथ ही लोगों को सूती और ढीले कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया हीटवेव अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी समेत उत्तर भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी में 21 से 26 मई और पूर्वी यूपी में 23 मई तक सीवियर हीटवेव की चेतावनी दी गई है। बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि प्रयागराज में भी पारा 44 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ है। पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित है।