उत्तरप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 71 जिलों में बारिश दर्ज की गई। कई शहरों में भारी बारिश के कारण जलभराव, भवन ढहने और बिजली संबंधी हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
आगरा में दुकान ढही, मलबे में दबे लोग
आगरा में बुधवार दोपहर घने काले बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। ताजमहल भी बादलों के बीच ओझल हो गया। इसी दौरान तेज बारिश के बीच एक दो मंजिला दुकान ढह गई, जिसमें पांच लोग मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव दल ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक महिला की तलाश जारी है।
मथुरा और प्रयागराज में भी हादसे
मथुरा में लगातार बारिश के बीच एक जर्जर मकान की दीवार गिरने से तीन लोग घायल हो गए। वहीं प्रयागराज में खेत में काम कर रहे दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई।
लखनऊ और नोएडा में जलभराव
राजधानी लखनऊ में दोपहर के समय काले बादलों के साथ तेज आंधी और बारिश हुई। नोएडा में भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और कई बाइकें पानी में बंद हो गईं।हाथरस में सदर कोतवाली परिसर में भी पानी भर गया। कई स्थानों पर तेज बहाव के कारण कारें और दोपहिया वाहन बहते नजर आए।
68 जिलों में अलर्ट, चित्रकूट में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग ने प्रदेश के 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 12 जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। गुरुवार को भी पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 72.8 मिमी बारिश चित्रकूट में दर्ज की गई, जो सामान्य वर्षा से लगभग 925 प्रतिशत अधिक है। वहीं 1 जून से अब तक प्रदेश में औसत से करीब 40 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।