बेंगलुरु में 21 से 24 मई 2026 तक ‘यूपी महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आर्ट ऑफ लिविंग के 45 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित हो रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन, संस्कृति और उद्योग विभाग के सहयोग से यह आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में होगा। इस दौरान देशभर से हजारों लोग शामिल होंगे। यह महोत्सव वैश्विक आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार, इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, लोककला और खान-पान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना है।
यूपी से दो विशेष ट्रेनें चलेंगी
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हजारों शिक्षक, स्वयंसेवक, साधक और परिवार बेंगलुरु पहुंचेंगे। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए दो विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। ये ट्रेनें कानपुर, प्रयागराज और सतना मार्ग से बेंगलुरु तक जाएंगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखेगी यूपी की झलक
महोत्सव में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का विशेष प्रदर्शन होगा। पंडित साजन मिश्रा शास्त्रीय संगीत प्रस्तुत करेंगे। उर्मिला श्रीवास्तव लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी। भातखंडे विश्वविद्यालय की डॉ. आरती और उनकी टीम कथक नृत्य प्रस्तुत करेगी। साथ ही ब्रज रास की झलक भी दिखाई जाएगी।
खान-पान बनेगा बड़ा आकर्षण
इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। अवध के नवाबी पकवान, बनारस की चाट, ब्रज के पेड़े और पारंपरिक स्ट्रीट फूड आगंतुकों के लिए उपलब्ध होंगे। आयोजकों का कहना है कि यह फूड फेस्टिवल उत्तर प्रदेश की पाक संस्कृति को देशभर के लोगों तक पहुंचाएगा।
योग, ध्यान और बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम
महोत्सव में मानसिक स्वास्थ्य, तनाव मुक्ति, योग, ध्यान और सुदर्शन क्रिया के विशेष सत्र भी होंगे। बच्चों और किशोरों के लिए मेधा योग, उत्कर्ष योग और इंट्यूशन प्रोसेस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। फर्रुखाबाद आश्रम के गुरुकुल से करीब 70 बच्चे भी इसमें भाग लेने पहुंचेंगे। आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, साधना और उत्सव का साझा अनुभव होगा, जहां भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की झलक देखने को मिलेगी।