उत्तरप्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बिजनौर में गंगा और उसकी सहायक मालन नदी उफान पर हैं, जिससे कई स्थानों पर पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है। इसके चलते मेरठ-बिजनौर हाईवे और हरिद्वार रोड सहित कई मार्गों पर यातायात रोक दिया गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
डूबी THAR, मेरठ में हाईवे की दीवार गिरी
हापुड़ में मूसलाधार बारिश के कारण एक अंडरपास में पानी भर गया, जिससे एक THAR वाहन पानी में फंसकर डूब गया। बाद में जेसीबी की सहायता से वाहन को बाहर निकाला गया। वहीं मेरठ में नेशनल हाईवे की बाउंड्रीवॉल का एक हिस्सा धंस गया। शहर के एक रेलवे अंडरपास में जलभराव होने से कार फंस गई, जिसमें सवार दो युवकों को पुलिस ने रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला।
13 जिलों में ऑरेंज और 27 जिलों में यलो अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए प्रदेशभर में बारिश की चेतावनी जारी की है। 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 27 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। शुक्रवार देर रात लखनऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या समेत करीब 10 शहरों में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि शनिवार सुबह तक कई इलाकों में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला जारी रहा।
बारिश से जुड़े हादसों में 15 लोगों की मौत
लगातार हो रही बारिश और उससे जुड़े हादसों में पिछले तीन दिनों के दौरान उत्तरप्रदेश में 15 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें सबसे अधिक चार मौतें गाजियाबाद में दर्ज की गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।