मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं को बड़ी राहत देते हुए यूपी पुलिस में बड़े पैमाने पर भर्ती की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा करीब 1 लाख पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इनमें होमगार्ड, सिविल पुलिस, सब-इंस्पेक्टर (SI) और कॉन्स्टेबल समेत विभिन्न पद शामिल हैं।
इससे पहले भी प्रदेश में 60 हजार से अधिक कॉन्स्टेबल भर्ती प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पुलिस बल में शामिल किया जा चुका है। वहीं, अन्य पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रियाओं को भी जल्द पूरा करने की तैयारी है।
नियुक्ति कार्यक्रम में दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने यह जानकारी उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित हेड ऑपरेटर/हेड ऑपरेटर (मैकेनिकल) के 936 पदों के नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे चयन प्रक्रिया के लिए पूरी तैयारी के साथ जुट जाएं।
इस साल 1 लाख भर्ती का लक्ष्य
सीएम ने बताया कि प्रदेश में पहली बार 60,244 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती के बाद प्रशिक्षण भी अपने ही ट्रेनिंग सेंटरों में कराया गया। इसके अलावा 41 हजार होमगार्ड पदों के लिए परीक्षाएं भी सफलतापूर्वक आयोजित की गई हैं। अब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष विभिन्न पदों को मिलाकर कुल 1 लाख भर्तियां करने की तैयारी में है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।