उत्तरप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के बुंदेलखंड और दक्षिणी इलाकों में जहां गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है, वहीं तराई और कई अन्य जिलों में आंधी, तूफान और बारिश का दौर जारी है। बुधवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद और संभल में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
आज से शुरू होगा प्री-मानसून का असर
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बुधवार से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगेंगी। विभाग ने 35 जिलों में आंधी-बारिश और 17 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्री-मानसून बारिश का दायरा और बढ़ेगा तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
इटावा में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चला तूफान
मंगलवार को लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, इटावा और आगरा समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। इटावा में लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया।
बांदा सबसे गर्म, आजमगढ़ सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो आजमगढ़ में पारा 23.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
गर्मी और बारिश दोनों का असर
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी और बारिश दोनों का मिश्रित असर देखने को मिलेगा। कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति भी बनी रह सकती है।