लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अति वर्षा, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना
मुख्यमंत्री ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
24 घंटे में राहत राशि देने के निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अति वर्षा, आकाशीय बिजली और आंधी से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आंकलन किया जाए। साथ ही प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर जाकर हालात का जायजा लेने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार प्रभावित लोगों से संवाद बनाए रखें और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।