उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने दैनिक यात्रियों के लिए स्मार्ट कार्ड आधारित नई व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की है। अब मासिक सीजनल टिकट (एमएसटी) धारकों को चिप वाला स्मार्ट कार्ड दिया जाएगा। इस कार्ड के जरिए यात्रियों को हर महीने नया पास बनवाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि एक ही कार्ड को ऑनलाइन रिचार्ज कर यात्रा की जा सकेगी।
छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को मिलेगी राहत
नई व्यवस्था लागू होने के बाद छात्रों और नौकरीपेशा यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। अभी तक एमएसटी बनवाने के लिए आधार कार्ड, हाईस्कूल प्रमाण पत्र और फोटो लेकर बस अड्डे पहुंचना पड़ता था। लंबी प्रक्रिया और भीड़ के कारण लोगों को समय और श्रम दोनों खर्च करने पड़ते थे। अब ऑनलाइन प्रक्रिया से यह परेशानी खत्म होगी।
अकबरपुर डिपो से हर महीने बनते हैं दर्जनों पास
अकबरपुर डिपो से विभिन्न शहरों के लिए 106 रोडवेज बसों का संचालन होता है। यहां हर महीने 50 से अधिक छात्र और नौकरीपेशा यात्री मासिक पास बनवाते हैं। स्मार्ट कार्ड लागू होने के बाद एक बार कार्ड जारी होने पर सिर्फ रिचार्ज कर उसे दोबारा इस्तेमाल किया जा सकेगा।
परिचालकों को दी जाएगी नई ईटीएम मशीन
एआरएम हरिओम श्रीवास्तव के अनुसार बस परिचालकों को नई अपडेटेड ईटीएम मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। कार्ड मशीन से स्पर्श करते ही यह जानकारी मिल जाएगी कि यात्री का मासिक पास वैध है या नहीं। इससे जांच प्रक्रिया भी तेज और आसान हो जाएगी।
डिजिटल टिकटिंग से बढ़ेगी सुविधा
स्मार्ट कार्ड में राशि उपलब्ध रहने पर मशीन टिकट जनरेट करेगी। यह सुविधा महानगरों की तर्ज पर लागू की जा रही है, जिससे रोडवेज सेवा और अधिक आधुनिक और डिजिटल बनेगी। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इसे अन्य डिपो पर भी लागू किया जाएगा।