राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश से हुई 111 लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
राजनाथ सिंह बोले- प्रभावितों की हर संभव मदद की जाएगी
रक्षा मंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में तेज बारिश और तूफान से लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है।
आंधी-बारिश ने मचाई भारी तबाही
प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई जिलों में भारी नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से चली हवाओं के कारण पेड़, बिजली के खंभे, दीवारें और टीनशेड गिर गए।
इस प्राकृतिक आपदा में:
- 111 लोगों की मौत
- 60 से ज्यादा लोग घायल
- 170 पशुओं की मौत
- 227 मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
सीएम योगी ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और मुआवजा वितरण का काम 24 घंटे के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही सभी जिलों के डीएम और वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर पीड़ितों की मदद करने के आदेश दिए गए हैं।