उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान आंधी, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से कई जिलों में भारी नुकसान हुआ है। जनहानि, पशुहानि और मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
पीड़ितों को जल्द मिलेगा मुआवजा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत पहुंचकर पीड़ितों की मदद की जाए और मुआवजा प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई और उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल नुकसान की जानकारी सामने आई है। खराब मौसम के चलते कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
तत्काल सर्वे और राहत कार्य के निर्देश
सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सर्वे पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय से राहत कार्यों को तेजी से पूरा करें ताकि प्रभावित लोगों को जल्द सहायता मिल सके।
हर तीन घंटे में मांगी गई रिपोर्ट
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीएम को राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि मुआवजा वितरण, बचाव अभियान और राहत कार्यों की जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की जाए। इसके अलावा सभी जिलों को हर तीन घंटे में स्थिति की अपडेट रिपोर्ट शासन को भेजने के लिए कहा गया है।
कई जिलों में तेज आंधी-तूफान का असर
बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश से कई इलाकों में भारी तबाही देखने को मिली। कई स्थानों पर बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, कच्चे मकान ढह गए और दीवार गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और खराब मौसम के कारण कई लोगों की मौत की खबर भी सामने आई है।