मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को उत्तरप्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। यह फैसला रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद लिया गया, जब राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी, दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण और कई जनप्रतिनिधियों ने मिलकर फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखी।
लोकभवन सभागार में आयोजित इस विशेष स्क्रीनिंग के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। ‘कृष्णा कृष्णा, राधे राधे’ के जयघोष से सभागार गूंज उठा और दर्शकों में फिल्म को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म से जुड़े कलाकारों का सम्मान भी किया।
द्वापर युग और सनातन संस्कृति की झलक
फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। इसमें द्वापर युग, भारतीय प्राचीन संस्कृति और सनातन परंपराओं को भव्य रूप में दिखाया गया है। फिल्म में राधा, रुक्मिणी और सत्यभामा के प्रेम प्रसंगों को भी अलग-अलग अंदाज में दर्शाया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह फिल्म भारत की संस्कृति और परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सभी मंत्री एक साथ इस आयोजन में शामिल हुए, जो एक विशेष अनुभव रहा।
अभिनेत्री संस्कृति ने लिया सीएम योगी का आशीर्वाद
फिल्म में सत्यभामा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री संस्कृति ने मुख्यमंत्री योगी से आशीर्वाद लिया। सीएम योगी ने उनके अभिनय की सराहना करते हुए फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों और टीम को धन्यवाद दिया।उन्होंने सूचना विभाग को निर्देश दिया कि राज्य के सभी जिलों में इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग कराई जाए, ताकि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपरा को बेहतर तरीके से समझ सके।
राज्यपाल ने की सराहना
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी फिल्म और मुख्यमंत्री के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में हमारी संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कई भाषाओं में रिलीज हुई फिल्म
फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया गया है। इसके निर्देशक हार्दिक गज्जर हैं। फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति, सुष्मिता भट्ट और निवासिनी कृष्णन मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा जैसे कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।