उत्तरप्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार सुबह मथुरा, गाजियाबाद समेत 10 शहरों में बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हाथरस में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया, जबकि तेज बहाव के कारण कई जगह कारें और बाइकें बहती नजर आईं।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए हुए हैं। हल्की हवाओं के बावजूद उमस बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें से 12 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मथुरा में नाले में बहा डिलीवरी बॉय
मंगलवार को लखनऊ, प्रयागराज सहित करीब 50 शहरों में बारिश हुई। मथुरा में लगातार बारिश के कारण कई नाले ओवरफ्लो हो गए। इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय अपनी बाइक समेत नाले के तेज बहाव में बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सोनभद्र में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में सोनभद्र जिले में सबसे अधिक 31 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य 10.5 मिमी की तुलना में लगभग 195 प्रतिशत अधिक है।
हालांकि, मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक उत्तर प्रदेश में सामान्य से करीब 45 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।