लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 43 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।
लखनऊ में मौसम हुआ सुहाना
राजधानी लखनऊ में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
तापमान में आई गिरावट
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है, जिससे मौसम पहले की तुलना में काफी ठंडा हो गया है।
चित्रकूट में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान चित्रकूट में सबसे अधिक 144.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है।