लखनऊ। उत्तरप्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। सोमवार देर रात प्रयागराज में जोरदार बारिश हुई, जबकि मंगलवार सुबह राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें से 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी रहेंगी।
सहारनपुर में उफान पर आई शाकंभरी नदी
सहारनपुर जिले में स्थित मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास बहने वाली शाकंभरी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के कारण वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की। प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के आसपास जाने से बचने की भी सलाह दी है।
औरैया में सामान्य से 379 फीसदी अधिक बारिश दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक 35.9 मिलीमीटर बारिश औरैया में रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य वर्षा से 379 प्रतिशत अधिक है। वहीं पूरे उत्तर प्रदेश में औसतन 5.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य 8.9 मिलीमीटर वर्षा की तुलना में करीब 36 प्रतिशत कम रही। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।