लखनऊ: Uttar Pradesh में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। प्रदेश में 28 मई से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आज भी जारी रहेगा लू का कहर
मौसम विभाग के मुताबिक 26 मई को प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज समेत कई जिलों में भीषण से अत्यधिक भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं Lucknow, Agra, Varanasi और Noida में लोग चिलचिलाती गर्मी से परेशान हैं।
कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी
28 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है। तेज हवाओं और बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
31 मई तक बना रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 31 मई तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। अगले 48 घंटों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
रात में भी बढ़ी परेशानी
झांसी, हमीरपुर, आगरा और वाराणसी समेत कई जिलों में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। उष्ण रात्रि की वजह से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है। मौसम में बदलाव के बाद रात के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।