लखनऊ। उत्तरप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
इन जिलों में जारी किया गया यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मुरादाबाद, बिजनौर, हापुड़, आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल, बरेली, झांसी, ललितपुर, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बहराइच और श्रावस्ती सहित कई जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ समेत पूर्वी यूपी में भी बारिश की संभावना
राजधानी लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बस्ती, गोरखपुर, संतकबीर नगर, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र सहित कई जिलों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में दिनभर बनी रह सकती है बादलों की आवाजाही
मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में सुबह मौसम साफ रह सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बादल छाने लगेंगे। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, अयोध्या और वाराणसी समेत कई शहरों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
अगले कुछ दिनों में बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में 6 जून तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी क्रमिक वृद्धि दर्ज होने की संभावना है।