उत्तरप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में तेज धूप और उमस भरा मौसम देखने को मिला, जिससे गर्मी का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आज जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर समेत 5 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 21 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है, जहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
प्री-मानसून एक्टिव, मानसून जल्द करेगा एंट्री
हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण प्रदेश में प्री-मानसून बारिश हो रही है। अनुमान है कि 17 जून तक मानसून सोनभद्र और ललितपुर के रास्ते उत्तरप्रदेश में प्रवेश कर सकता है, जबकि लखनऊ में इसके 20 जून तक पहुंचने की संभावना है। इस बार मानसून सामान्य से लगभग तीन दिन पहले आने की उम्मीद जताई जा रही है।
आंधी-तूफान से हादसे, 5 लोगों की मौत
पिछले 24 घंटों में आंधी और बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की जान चली गई है। उन्नाव और गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हुई, जबकि कासगंज में आंधी के दौरान मकान का लिंटर गिरने से पति-पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गई।
कई जिलों में बारिश, कहीं राहत तो कहीं परेशानी
शनिवार को प्रदेश के 25 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में 6.8 मिमी रिकॉर्ड की गई। प्रयागराज और लखनऊ में तेज आंधी चली, जबकि कानपुर में बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
15 जून: पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं और भारी बारिश की संभावना, पूर्वी यूपी में मौसम सामान्य रहेगा।
16 जून: पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही, उमस में थोड़ी राहत मिलेगी।
17 जून: मौसम आंशिक रूप से साफ रहेगा, तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी संभव।
18 जून: बादल छाए रहेंगे, कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
19 जून: प्रदेश में हल्की से भारी बारिश और कहीं-कहीं तूफान की संभावना।