उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को प्रदेश के 35 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि सुबह के समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदलने के संकेत हैं। मंगलवार को फर्रुखाबाद प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी में तेज आंधी और आगरा में भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। आगरा में फुटपाथ धंसने से करीब 25 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, 5 जून तक बदलेगा मौसम
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर 5 जून तक पूरे उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा। इसके कारण पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। तेज हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
वाराणसी में बाबा विश्वनाथ का आम रस से अभिषेक
भीषण गर्मी को देखते हुए वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का आम के रस, दही और गंगाजल से विशेष अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने गर्मी से राहत और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की।
अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
4 जून: पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार, पूर्वी यूपी में गर्मी बनी रहेगी।
5 जून: प्रदेशभर में बादल छाए रहेंगे, कई स्थानों पर हल्की बारिश संभव।
6 जून: अधिकांश जिलों में बूंदाबांदी के आसार, तापमान स्थिर रहेगा।
7 जून: हल्की बारिश और बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बढ़ सकती है।
8 जून: मौसम साफ रहेगा और तेज धूप निकलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेशवासियों को लू से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।